तिमरपुर से 12 साल का बालक रहस्यमय ढंग से गायबपरिजनों ने जताई अपहरण की आशंका

बिजनौर (चिंगारी)। समीपवर्ती ग्राम तिमरपुर से एक बालक रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। परिजनों को आशंका है कि बालक का अपहरण किया गया है। पुलिस बालक को ढूंढने का प्रयास कर रही है। ग्राम तिमरपुर निवासी चंद्रप्रकाश सैनी का करीब 12 वर्षीय पुत्र शौर्य उर्फ डमरू मानसिक रूप से थोड़ा कमजोर है। कल शाम करीब 6 बजे वह घर के बाहर खेल रहा था कि रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। परिजनों ने पहले उसे गांव में ढूंढा, फिर अपनी तमाम रिश्तेदारियों में डमरू के बारे में जानकारी की। परिजनों के अनुसार उन्होंने डमरू को बिजनौर शहर की लगभग हर गली में ढूंढा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। डमरू के तयेरे भाई विनय ने बताया कि उसके परिवार के लोग डमरू को कल शाम से ढूंढ रहे हैं। वे रात भर सोये भी नहीं। उन्होंने पुलिस को डमरू के गायब होने की सूचना दे दी है। पुलिस भी डमरू को लगातार तलाश कर रही है, लेकिन डमरू का कहीं पता नहीं चल रहा।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बताया जाता है कि डमरू ग्राम खेडक़ी निवासी अबरार की ई-रिक्शा में जाते देखा गया है। अबरार के साथ फिरोज नामक एक और युवक भी था। परिजनों को आशंका है कि डमरू का अपहरण किया गया है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। डमरू के गायब होने से उसके परिवार में कोहराम मचा है। एएसपी सिटी डॉ. केजी सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। डमरू की तलाश जारी है।