बढ़ापुर में कसौंदी की फलियां खाने से तीसरी बच्ची की भी मौत, दिल्ली एम्स में तोड़ा दम; दो दिन में तीन मासूमों की मौत से मचा कोहराम
बिजनौर के बढ़ापुर में जहरीली फलियां खाने से तीन बच्चियों की बिगड़ी थी हालत, दो की रास्ते में हुई थी मौत, तीसरी ने दिल्ली एम्स में उपचार के दौरान दम तोड़ा।
बढ़ापुर (बिजनौर)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के बढ़ापुर कस्बे में कसौंदी की फलियां खाने से तीन मासूम बच्चियों की मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। शुक्रवार को दो बच्चियों की मौत के बाद जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही तीसरी बच्ची ने भी शनिवार को दिल्ली स्थित एम्स में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरी बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। एक ही मोहल्ले में दो दिनों के भीतर तीन मासूमों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम कस्बे के मोहल्ला गडरियान में रहने वाली तीन बच्चियां घर के सामने खड़े एक कसौंदी के पौधे की फलियां खा बैठी थीं। बच्चियों की उम्र करीब चार से छह वर्ष के बीच बताई गई है। उस समय परिजनों को इस बात की जानकारी नहीं हो सकी कि बच्चियों ने पौधे की फलियों का सेवन किया है।
शुक्रवार को सबसे पहले शकील की पांच वर्षीय बेटी चाहत की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए बिजनौर ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चाहत ने दम तोड़ दिया।
परिजन एक ओर चाहत के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी मोहल्ले में रहने वाले सलीम की चार वर्षीय बेटी माही नूर की तबीयत भी अचानक खराब हो गई। घबराए परिजन उसे पहले स्थानीय निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे भी बिजनौर ले जाने का निर्णय लिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही माही नूर की भी मौत हो गई।
तीसरी बच्ची को गंभीर हालत में कराया गया था भर्ती
इसी दौरान मोहल्ले के निवासी शमीम की छह वर्षीय बेटी सादिका की तबीयत भी बिगड़ने लगी। लगातार दो बच्चियों की अचानक हुई मौत की सूचना मिलने पर बढ़ापुर पुलिस सक्रिय हो गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों तथा स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली।
सादिका की हालत लगातार बिगड़ती देख पुलिस ने एहतियात के तौर पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भिजवाने में मदद की। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसी रात मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ में भी बच्ची की हालत नाजुक बनी रही, जिसके बाद चिकित्सकों ने उसे दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रेफर कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, रात करीब दो बजे सादिका को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद बच्ची की जान नहीं बचाई जा सकी। शनिवार को उपचार के दौरान सादिका ने भी दम तोड़ दिया।
तीन मासूमों की मौत से मोहल्ले में पसरा मातम
सादिका की मौत की खबर जैसे ही बढ़ापुर स्थित उसके घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही मोहल्ले की तीन छोटी बच्चियों की असमय मौत से स्थानीय लोग भी गहरे सदमे में हैं।
गुरुवार शाम तक सामान्य रूप से खेल रही बच्चियों के साथ हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल तीनों बच्चियों की मौत के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है।








