सडक़ हादसे में नवविवाहित युवक की दर्दनाक मौत
स्योहारा (चिंगारी)। रविवार को स्योहारा-धामपुर रोड पर एक सडक़ भीषड़ सडक़ हादसे में 27 वर्षीय नवविवाहित युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान मोहसिन पुत्र जमील अहमद निवासी शेरकोट के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मोहसिन शेरकोट से अपनी बुआ के घर गैस सिलेंडर देने स्योहारा आया था। सिलेंडर देकर वह वापस घर लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पीछे से आई ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सडक़ पर जा गिरे। इसी दौरान मोहसिन ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे को देख मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। कुछ ही देर में दुर्घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बाइक पर सवार दूसरा युवक इमरान पुत्र हस्सू पहलवान निवासी शेरकोट इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना स्योहारा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात को सुचारु कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।बताया जा रहा है कि मोहसिन की शादी करीब एक माह पहले नगीना क्षेत्र में हुई थी। उसके घर में अभी शादी की खुशियों का माहौल था। इस हादसे से मोहसिन के घर व ससुराल में जैसे कहर टूट पड़ा।






