बिजनौर में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई नीट परीक्षा…

12 केंद्रों पर दोपहर 2 से 5 बजे तक चली परीक्षा, नकल रोकने के लिए सख्त इंतजाम

बिजनौर। जनपद में रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। जिले के कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की गई, जो एक ही पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चली।परीक्षा को नकलविहीन और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे।

सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद नजर आई।परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश से पहले सघन तलाशी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए सख्ती बरती गई और परीक्षा के दौरान पूरी निगरानी रखी गई।

परीक्षा के सफल आयोजन के बाद प्रशासन ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और कहीं से किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।