भीषण गर्मी में राहत की ठंडी छांव : बिजनौर पालिका ने शुरू किया ‘कूल रूम’


राहगीरों, महिलाओं और बच्चों को मिली सुकून भरी सांस, चेयरपर्सन इंदिरा सिंह की पहल की हो रही सराहना


बिजनौर। चिलचिलाती धूप और तपती सडक़ों के बीच जब हर कदम पर गर्मी की मार झेलनी पड़ रही हो, तब थोड़ी सी ठंडी छांव किसी वरदान से कम नहीं लगती। इन दिनों भीषण गर्मी के चलते बाजारों में खरीदारी या अन्य जरूरी कामों से निकलने वाले लोगों खासतौर पर महिलाओं, बच्चों और ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पसीने से तरबतर लोग बस एक ऐसे कोने की तलाश में रहते हैं, जहां कुछ पल बैठकर राहत की सांस ली जा सके। लेकिन सवाल हमेशा यही रहता था- आखिर आराम करें तो कहां?
इसी जरूरत और तकलीफ को महसूस करते हुए नगर पालिका परिषद बिजनौर की संवेदनशील चेयरपर्सन श्रीमती इंदिरा सिंह ने एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने पालिका कार्यालय के मुख्य गेट के पास सडक़ किनारे व शास्त्री चौक पर बिजनौर क्लब के बाहर अस्थायी ‘कूल रूम’ बनवाकर राहगीरों को राहत देने का प्रयास किया है।
कपड़े की चादरों से तैयार किए गए इन दोनों विशेष कक्षों में आधा दर्जन से अधिक आरामदायक सोफे लगाए गए हैं, ताकि थके-हारे लोग कुछ देर बैठकर सुकून पा सकें। कमरे में ठंडी हवा के लिए बड़े कूलर लगाये गये हैं, जो तपती गर्मी के बीच ठंडक का एहसास कराते हैं। वहीं, ठंडे पानी की व्यवस्था के लिए मिट्टी के आधुनिक घड़े भी रखे गये हैं, जो लोगों की प्यास बुझाने के साथ उन्हें ताजगी देते हैं।
नगर पालिका की ओर से इस तरह की व्यवस्था पहली बार की गई है, जिसने लोगों के दिलों को छू लिया है। बाजार आने वाले लोग इन ‘कूल रूम्स’ को किसी राहत केंद्र से कम नहीं मान रहे। कई राहगीरों ने इन्हें ‘गर्मी में उम्मीद की छांव’ बताया।
इस मानवीय पहल के लिए चेयरपर्सन श्रीमती इंदिरा सिंह की हर ओर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह जनप्रतिनिधि जनता की छोटी-छोटी जरूरतों को समझते रहें, तो शहर में रहने का अनुभव कहीं अधिक सहज और सुखद हो सकता है।