आरक्षण घोटाले का आरोप लगाकर सपा ने भाजपा सरकार को घेरा, 11,514 पदों की ‘लूट’ का दावा

बिजनौर में प्रेस वार्ता के दौरान सपा नेताओं ने कहा— संविधान और आरक्षण पर हो रहा हमला, पीडीए वर्ग के अधिकार छीने जा रहे हैं

बिजनौर (चिंगारी)। समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार पर आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने और भर्ती प्रक्रियाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं करने का आरोप लगाया है। पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष हनी फैसल ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान और आरक्षण व्यवस्था को भाजपा सरकार कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग की बहू-बेटियों और युवाओं से संविधान प्रदत्त आरक्षण का अधिकार छीना जा रहा है।


हनी फैसल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विभिन्न भर्तियों में बड़े स्तर पर आरक्षण घोटाला हुआ है। समाजवादी पार्टी ने इन मामलों का अध्ययन कर कथित तौर पर आरक्षण से जुड़े पदों की लूट के आंकड़े एकत्र किए हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2019 की 69 हजार शिक्षक भर्ती में 7,933 पदों पर आरक्षण नियमों की अनदेखी की गई। इसके अलावा वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती में 88, बांदा कृषि विश्वविद्यालय भर्ती में 5, एडेड जूनियर हाई स्कूल मास्टर/हेडमास्टर भर्ती में 547, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती में 232, नेत्र परीक्षण अधिकारी भर्ती में 47 तथा यूपीएसएसएससी कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर की भर्ती में 300 पदों सहित कुल 11,514 पदों की कथित रूप से लूट की गई।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एक ओर बेरोजगारी बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर आरक्षित वर्ग के युवाओं के अधिकारों का हनन कर रही है। उनका कहना था कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का अभाव है और इससे संविधान की मूल भावना प्रभावित हो रही है।


प्रेस वार्ता में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रशीद हुसैन ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल उन्हीं परीक्षाओं का आयोजन कराया जाता है, जिनमें पहले से “सेटलमेंट” हो जाता है, जबकि अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आ जाती हैं। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।


सपा नेताओं ने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा सरकारें संविधान की भावना का सम्मान करने के बजाय उसका मजाक उड़ा रही हैं। उन्होंने जनता से आगामी चुनावों में भाजपा सरकारों को सत्ता से बाहर करने का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता में सत्यपाल सिंह, प्रभा चौधरी, दीपक सैनी, बीके कश्यप, राहुल सिंह, अनुज चौधरी, महमूद क़स्सार और अखलाक पप्पू सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।