ब्रिटेन में सम्मानित हुए धामपुर के चिकित्सक दंपति, होम्योपैथी के क्षेत्र में मिला सम्मान
बिजनौर, चिंगारी
धामपुर निवासी होम्योपैथी चिकित्सक दंपति डॉक्टर शिवांशु सक्सेना और उनकी पत्नी सुनीता सक्सेना को ब्रिटेन में सम्मानित किया गया है। उन्हें ये सम्मान चिकित्सा के क्षेत्र में (मेल-फीमेल फर्टिलिटी) को लेकर बेहतर और सस्ता इलाज उपलब्ध कराने के लिए दिया गया है। ये सम्मान मिलने के बाद स्थानीय चिकित्सकों में भी खुशी का माहौल है।
धामपुर में सुभाष चौक की मूर्ति के निकट रहने वाले वरिष्ठ चिकित्सा डॉक्टर एसपी सक्सेना शहर में नामवर होम्योपैथिक चिकित्सक थे। उनका देहांत हो चुका है। उनके पुत्र शिवांशु सक्सेना ने भी होम्योपैथी में पढ़ाई की है। इसके अलावा शिवांशु सक्सेना की पत्नी सुनीता सक्सेना भी एक होमियोपैथिक चिकित्सा हैं।
डॉक्टर शिवांशु सक्सेना ने लंदन से चिंगारी डिजिटल को बताया कि उन्हें 10 अप्रैल को ब्रिटेन में ये सम्मान दिया गया है। ये भी बताया कि वर्ल्ड होम्योपैथी समिट 4 का आयोजन ब्रिटिश पार्लियामेंट में किया गया था। इस अवसर पर उनकी पत्नी सुनीता सक्सेना को भी इस सम्मान से नवाजा गया है।
जिन्हें औलाद नहीं थी अब गूंज रहीं किलकारियां
डॉक्टर शिवांशु सक्सेना ने बताया कि वह और उनकी पत्नी डॉक्टर सुनीता सक्सेना ने कईं ऐसे पुरुष और महिलाओं का इलाज किया है जिन में इनफर्टिलिटी की समस्या थी। शारीरिक जटिलताओं के चलते औलाद को जन्म देने की क्षमताएं नहीं थी, लेकिन उनके इलाज के चलते आज ऐसे परिवारों में किलकारियां गूंज रही हैं।
ऑक्सफ़ोर्ड में पढ़ेंगे रिसर्च
डॉक्टर शिवांशु सक्सेना के इस कार्य को देखते हुए ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय में उन्हें न्योता दिया गया है। वह वहां अपनी रिसर्च को प्रस्तुत करेंगे। वह 13 अप्रैल को ऑक्सफ़ोर्ड में अपना शोध प्रस्तुत करेंगे।







