मृत देह को ले जाने के लिए खरीदा जायेगा श्री व्हीलर
‘नर सेवा नारायण सेवा’ ग्रुप ने चलाई मुहिम
बिजनौर (चिंगारी)। शास्त्रों के अनुसार अर्थी को कंधा देना व चार कदम उसके पीछे चलना पुण्यकारी माना गया है। जिनके चार पुत्र होते थे, वे माता-पिता अत्यंत शान से कहते थे कि चार कंधे तो हमारे घर के ही हैं। लेकिन वर्तमान में छोटे परिवारों के चलते व भागदौड़ वाले जीवन में कंधे देने वालों की संख्या कम रहने पर मृत देह को अंतिम यात्रा की बस तक पहुंचाने में कठिनाई आती है। दो से तीन किमी की दूरी तय करने में कुछ ऐसी ही बड़ी दिक्कतों का अनेक बार अनुभव किया जाता रहा है।
जिनका निवारण करने का बीड़ा उठाने के लिए समाज के कुछ समर्पित व सक्रिय लोग आगे आये हैं। उन्होंने इस समस्या को ध्यान में रखते हुए एक श्री व्हीलर खरीदने व उसमें मृत शरीर को ठीक प्रकार से रखने हेतु एक स्टील का स्टैंड बनवाने की योजना बनायी है। जिसका अनुमानित खर्च लगभग एक लाख 65 हजार बताया गया है।
अपने इस पुनीत उद्देश्य की प्राप्ति के लिए सोशल मीडिया पर ‘नर सेवा- नारायण सेवा’ नाम का ग्रुप बना कर दो हजार रुपये प्रति दानदाता से एकत्र करने की मुहिम चलाई, जिसमें नगर के अनेक समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर लक्ष्य के बेहद करीब लाकर खड़ा कर दिया।
ग्रुप से जुड़े सर्वश्री अमोक अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल (सेवानिवृत अभियंता), अरविंद अग्रवाल व देवेश अग्रवाल ने समस्त सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि हम लक्ष्य के काफी करीब पहुंच गये हैं। यदि कोई सज्जन पुण्य के इस कार्य में सहयोग करना चाहता है तो इन मोबाइल नंबरों 9690003312, 9456246182, 9412855783, 9837015246 पर सम्पर्क कर सकते हैं।









