मुख्यमंत्री से मिले सांसद चंदन चौहान, बोले- बाढ़ की समस्या का हो स्थायी समाधान

बिजनौर (चिंगारी)। गंगा नदी में आने वाली बाढ़ की समस्या को लेकर बिजनौर सांसद चंदन चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र सौंपा और बाढ़ नियंत्रण, तटबंध एवं सुरक्षात्मक कार्यों की परियोजनाओं को जल्द मंजूरी देने की मांग की है।

सांसद ने पत्र में बताया कि जिला बिजनौर की तहसील चांदपुर के खादर क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांव हर साल गंगा में आने वाली बाढ़ से प्रभावित होते हैं। गंगा के पानी आने के कारण किसानों की फसलें बड़े पैमाने पर प्रभावित होती हैं और ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है तथा साथ ही काफी बीमारी का सामना करना पड़ता है।

चंदन चौहान ने गंगा नदी के पूर्वी तट पर गंज से मुजफ्फर खादर तक करीब 24 किलोमीटर लंबे तटबंध के निर्माण की मांग की। पत्र में कहा गया है कि तटबंध बनने से बाढ़ और कटान की समस्या का स्थायी समाधान होने के साथ करीब 30 से 35 गांवों की आबादी और कृषि भूमि को हर साल होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा।

इसके अलावा सांसद ने मेरठ जनपद में गंगा नदी पर मवाना तहसील, हस्तिनापुर एवं बिजनौर क्षेत्र को जोड़ने के लिए भीमकुंड के निकट चेतावाला घाट पर सेतु, पहुंच मार्ग एवं आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यों की परियोजना को भी जल्द स्वीकृति दिलाने की मांग की है।