मजदूरी करने निकले दो गरीब मजदूरों की सड़क हादसे में मौत, घर से रोजी-रोटी कमाने निकले थे शमून और कादिर, परिवारों में मचा कोहराम


नजीबाबाद (चिंगारी)। घर से रोजी-रोटी कमाने के लिए मंडी में मजदूरी करने जा रहे दो गरीब मजदूरों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। ग्राम गाजीपुर के सामने जमालती कट के पास एक कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, मो. शमून (40 वर्ष) पुत्र अनीस निवासी ग्राम गाजीपुर थाना नजीबाबाद और कादिर (45 वर्ष) पुत्र शफीक अहमद निवासी ग्राम फाजलपुर हबीब उर्फ ज्वाली कलां थाना किरतपुर मंगलवार सुबह मोटरसाइकिल से मंडी में मजदूरी करने के लिए आ रहे थे। दोनों की बाइक संख्या यूपी 20 बीपी 1713 जैसे ही ग्राम गाजीपुर के सामने जमालती कट के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही वेन्यू कार संख्या 25 बीएच 6047 पी से उनकी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल पूजा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

रोज कमाते थे, रोज खाते थे, परिवारों का छिन गया सहारा

शमून और कादिर दोनों मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवारों का पालन-पोषण करते थे। रोज की तरह दोनों घर से काम के लिए निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा। हादसे की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिन हाथों से दोनों परिवारों के लिए रोटी का इंतजाम होता था, वही हाथ हमेशा के लिए उनसे छीन गये।

कार चालक हिरासत में

पुलिस ने हादसे के बाद कार चालक सचिन (32 वर्ष) पुत्र कैलाश चंद्र निवासी कुंभी चौड़, कोटद्वार, उत्तराखंड को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।