विभिन्न मांगों को लेकर किसानों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन


ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पहुंचे राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ता, ज्ञापन देकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी


बिजनौर (चिंगारी)। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले बुधवार को किसानों और मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ जुलूस निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।


कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद किसान और मजदूर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनकी विभिन्न मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक उनका समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने किसानों और मजदूरों से जुड़े मुद्दों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की।


संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के नेता कैलाश सिंह लांबा के साथ जिलाध्यक्ष विनोद कुमार बिट्टू, राजपाल सिंह भगत, संजीव कुमार, नरेंद्र कुमार, राजीव कुमार, जोगेंद्र कुमार, नरेश कुमार लांबा, ब्रजपाल सिंह, राकेश कुमार और जगत सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया।


प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर तथा आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।