पिता ने 16 साल की बेटी से कई बार दुष्कर्म कर उसे गर्भवती बनाया


-पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर, गर्भवती ल़ड़की को वन स्टाॅप सेंटर भिजवाया

मंडावली/नजीबाबाद (चिंगारी)। मंडावली थाना क्षेत्र के एक गांव में पिता द्वारा अपनी 16 की बेटी के साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता पांच-छह माह की गर्भवती है। जिसे पुलिस ने वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है। आरोपी पिता के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। करीब तीन दिन पहले आरोपी के परिवार के एक युवक ने मंडावली पुलिस को इस मामले की खबर दी थी, इसके बाद पुलिस ने पीड़िता से शुरुआती पूछताछ करने के बाद वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। रविवार को वन स्टॉप सेंटर में पीड़िता की काउंसलिंग की गई। जिसमें पीड़िता ने बताया कि करीब पांच-छह महीने पहले रात में वह कमरे में अकेली सो रही थी। तभी पिता कमरे में आए और उसके साथ दुष्कर्म किया। मुंह दबाए जाने के कारण वह शोर भी नहीं मचा सकी। घटना के अगले दिन उसने मां को पूरी बात बताई, लेकिन पिता ने उसे ही झूठा ठहरा दिया। मां के बाद उसने चाची को भी जानकारी दी, लेकिन वहां भी पिता ने झूठ बोल दिया। दुष्कर्म के बाद पीड़िता गर्भवती हो गई। गर्भ की वजह से पेट बढ़ता देख परिवार की महिलाओं को शक हुआ। पूरे परिवार व मोहल्ले में चर्चा होने लगी।

उधर एक ग्रामीण ने बताया कि चार दिन पहले परिवार के लोगों की इस मामले को लेकर पंचायत बैठी थी, जिसमें आरोपी से घटना के बारे में पूछा गया तो वह चुप रहा। जिस पर एक बुजुर्ग ने उठकर आरोपी को थप्पड़ जड़ दिए थे। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। अब वन स्टॉप सेंटर पर तैनात विधिक स्वयं सेवक शिखा रानी ने पुलिस को तहरीर देकर पीड़िता के पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ आकांक्षा गौतम ने बताया कि दुष्कर्म के मामले में पीड़िता के पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हवस व बेशर्मी की हदें पार, इंसानियत शर्मसार
-बेटी घर में सुरक्षित नहीं तो बाहर कैसे सुरक्षित रहेगी?


नजीबाबाद (चिंगारी)। शायद घोर कलयुग आ गया है। खून के रिश्तों में भी हवस व बेशर्मी की हदें पार हो गई है, जिससे अब इंसानियत पूरी तरह से शर्मसार हो गई। नजीबाबाद के मौहल्ला जाब्तागंज में करीब एक सप्ताह पूर्व एक पिता द्वारा अपनी सगी बेटी के साथ दुष्कर्म के प्रयास के मामले की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी तथा समाज के लोग इस घटना पर थू-थू कर रहे थे। इसी बीच मंडावली क्षेत्र में एक पिता द्वारा अपनी 16 वर्षीय बेटी के साथ एक बार नहीं ना जाने कितनी बार वो भी महीनों तक दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आ गया है।

इस तरह की घटनाओं के बाद अब लग रहा है कि अब घोर कलयुग आ चुका है। परिवार में बाप-बेटी का जो रिश्ता सबसे पवित्र व एक महिला की सुरक्षा व विश्वसनीयता का प्रतीक माना जाता है, इस रिश्ते को एक पिता द्वारा इस तरह से शर्मसार किये जाने की घटना पूरी तरह से इंसानियत को शर्मसार कर रही है। इंसान हवस में इतना अंधा होता जा रहा है कि उसे अपने सगे रिश्ते भी दिखाई नहीं दे रहे। आखिर समाज कहां जा रहा है, एक बेटी आखिर जब अपने घर में भी अपनी इज्जत आबरू को सुरक्षित नहीं रख पा रही तो समाज में उसकी सुरक्षा किस तरह से हो सकती है। समाज में बढ़ती इस तरह की घटनाओं से अब लोगों में इंसानियत बिल्कुल भी बाकी नहीं दिख रही है। कुछ लोग शराब व अन्य नशों में इतना अंधे हो गये है कि उन्हें अब अपनी बहन बेटी भी नजर नहीं आती है। कुछ तो शर्म करो एक महिला की, बेटी की लाज बचाने व उसे सुरक्षा दिलाने के लिए सभी को अपनी सोच में सुधार करने की आवश्यकता है।

सुधर जाओ, अपने कर्म अच्छे कर लो, सभी को उनके गलत कामों की सजा समाज व ऊपर जाकर जरूर किसी न किसी रूप में जरूरी मिलनी है। इसी तरह की हरकतों के कारण हमारे सामने परेशानियां आ रही है। कोई भी गलत कर्म करने वाला बचेगा नहीं, बेटी की महिला की लाज बचा लो, वरना अब किसी भी रिश्ते की लाज व सम्मान बचने वाला नहीं है।