पैसों की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या का आरोप


फांसी के फंदे पर लटका मिला शव, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप


नहटौर (चिंगारी)। क्षेत्र के ग्राम काजीपुरा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर पैसों की मांग को लेकर उत्पीड़न और हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. अंजनी कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली।


ग्राम काजीपुरा निवासी मोनिका (26 वर्ष) पत्नी अनिल का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।


मृतका के पिता और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि मोनिका पर लगातार मायके से पैसे लाने का दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि पैसों की मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का कहना है कि इसी के चलते ससुराल पक्ष ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया।


घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. अंजनी कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने नहटौर पुलिस को मामले की निष्पक्ष एवं गहनता से जांच करने के निर्देश दिए हैं।

तीन वर्ष पहले हुई थी शादी


बताया जाता है कि मोनिका का विवाह करीब तीन वर्ष पूर्व अनिल के साथ हुआ था। मृतका अपने पीछे दो वर्षीय पुत्र को छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।