कोल्डड्रिंक पीने के बाद एक ही परिवार के आठ लोग बीमार, सीएचसी में भर्ती
हल्दौर। क्षेत्र के गांव शफीपुर हीरा में संदिग्ध फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। कोल्डड्रिंक पीने के बाद एक ही परिवार के आठ लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
गांव शफीपुर हीरा निवासी शबीना (35), सादमा (30), अमरीन (22), शाकिब (16), शाद (14), फैज (11), जैद (8) और कासिफ (5) ने शनिवार रात भोजन करने के बाद गर्मी से राहत पाने के लिए कोल्डड्रिंक का सेवन किया था। इसके बाद सभी सो गए। रविवार सुबह काफी देर तक उनके नहीं उठने पर परिजनों और पड़ोसियों को चिंता हुई। घर के अंदर पहुंचने पर सभी की हालत बिगड़ी हुई मिली। परिजनों की सूचना पर सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू के बाद सभी को उपचार के लिए बिजनौर रेफर कर दिया। वहीं, परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को भी दी है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि लोगों की तबीयत खराब होने का कारण खाद्य विषाक्तता है या कोई अन्य वजह। चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीजों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।








