बिजनौर में पीएम स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को मिल रहा सस्ता ऋण…

तीन चरणों में 50 हजार तक का लोन, आवेदन प्रक्रिया निःशुल्क; 8 सरकारी योजनाओं का भी मिलेगा लाभ

बिजनौर (चिंगारी)। उप जिलाधिकारी एवं परियोजना अधिकारी डूडा वंदना कुशवाहा ने बताया कि भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 1 जून 2020 से प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना जनपद बिजनौर में संचालित की जा रही है। यह योजना जनपद की सभी स्थानीय निकायों तथा 7 चयनित सेंसेस टाउन—रशीदपुर, गढ़ी (ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल), कोतवाली, तातारपुर लल्लू (ब्लॉक नजीबाबाद), अल्हैपुर, हुसैनपुर (ब्लॉक धामपुर), सदरूद्दीन नगर (ब्लॉक नहटौर) और बास्टा (ब्लॉक जलीलपुर)—में लागू है।उन्होंने बताया कि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को सूक्ष्म ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इसमें तीन चरणों में ऋण दिया जाता है—पहले चरण में 15,000 रुपये, दूसरे चरण में 25,000 रुपये और तीसरे चरण में 50,000 रुपये तक का लोन बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है। इस योजना में किसी प्रकार की मार्जिन मनी नहीं देनी होती है।

ऋण के लिए आवेदन ऑनलाइन किया जाता है, जिसके लिए आवेदक की आयु 18 वर्ष से अधिक होना अनिवार्य है। साथ ही आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर, बैंक पासबुक और चालू मोबाइल नंबर आवश्यक दस्तावेजों में शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि आवेदन संबंधित नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत या सेंसेस टाउन कार्यालय में निःशुल्क कराया जा सकता है। योजना के तहत ऋण प्राप्त करने वाले पथ विक्रेताओं को केंद्र सरकार की 8 अन्य योजनाओं—प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, बीओसीडब्ल्यू पंजीकरण, प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और वन नेशन वन राशन कार्ड योजना—का भी निःशुल्क लाभ दिया जाएगा।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति अपने नजदीकी निकाय कार्यालय, खंड विकास अधिकारी कार्यालय या विकास भवन स्थित डूडा कार्यालय (कमरा संख्या 301) बिजनौर में संपर्क कर सकते हैं।