खिरनी में गन्ना फसल विवाद गरमाया, 27 अप्रैल को कटाई की घोषणा से बढ़ा तनाव एक पक्ष ने एसपी से की भाकियू अराजनीतिक पर कार्रवाई की मांग…
प्रशासन ने बुलाई बैठक, फिलहाल भाकियू का 27 का कार्यक्रम स्थगित
बिजनौर (चिंगारी)। मंडावर क्षेत्र के ग्राम खिरनी में गन्ने की फसल काटने को लेकर चल रहा विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। भाकियू अराजनीतिक द्वारा 27 अप्रैल को विवादित फसल काटने की घोषणा के बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच खुद को जमीन का मालिक बताने वाले सुधीर कुमार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती-पत्र देकर भाकियू अराजनीतिक के पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी भूमि से संबंधित वाद संख्या 85/2026 सिविल जज जूनियर डिवीजन, बिजनौर के न्यायालय में विचाराधीन है, जिसकी अगली सुनवाई 28 अप्रैल को निर्धारित है। सुधीर कुमार का आरोप है कि भाकियू अराजनीतिक के जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही ने सोशल मीडिया के माध्यम से न्यायालय के आदेशों को चुनौती देते हुए फसल कटवाने की बात कही है, जबकि न्यायालय द्वारा ऐसी किसी कार्रवाई की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कृत्य कानून का उल्लंघन है और इससे समाज में भय व अशांति का माहौल बन रहा है। शिकायत में नितिन सिरोही व किसान नेता दिगंबर सिंह के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। दूसरी ओर, मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन सक्रिय हो गया है। खिरनी प्रकरण को लेकर तहसील परिसर में भाकियू अराजनीतिक के पदाधिकारियों के साथ बैठक बुलाई गई है। बैठक में एसडीएम सदर ऋतु चौधरी, पुलिस क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद अंजनी कुमार, थानाध्यक्ष मंडावर सुमित राठी व नायब तहसीलदार फैसल खान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। भाकियू अराजनीतिक की ओर से जिलाध्यक्ष नितिन कुमार सिरोही, जिला महामंत्री नितेंद्र प्रधान सहित अन्य पदाधिकारी बैठक में शामिल रहे। बैठक में प्रशासन की ओर से प्रस्ताव रखा गया कि गन्ना की फसल को प्रशासन स्वयं कटवायेगा। दोनों पक्षों में से कोई भी व्यक्ति खेत पर नहीं जायेगा। न्यायालय के आदेशानुसार फसल की राशि उस व्यक्ति को दी जायेगी जिसे न्यायालय उचित ठहरायेगा। बैठक में नितिन सिरोही ने कहा कि अदालत ने 23 मार्च को उनके पक्ष में आदेश दिया था, लेकिन वे स्वयं गन्ना कटवाने खेत पर नहीं गये। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सांसद भारतेन्द्र सिंह ने स्वयं खेत पर जाकर इस विवाद को हवा दी है। बैठक में भाकियू अराजनीतिक के पदाधिकारी प्रशासन के प्रस्ताव से सहमत हो गये और उन्होंने फिलहाल कल 27 अप्रैल को खेत पर जाकर गन्ना कटवाने का अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया। बैठक में भाकियू की ओर से नितिन कुमार सिरोही के अलावा नितेन्द्र प्रधान, अतुल कुमार बालियान, उदयवीर सिंह आदि भी मौजूद रहे।







