दूसरे दिन भी भारी गहमा गहमी के बींच हुई होमगार्ड भर्ती परीक्षा, परीक्षा केंद्रों के बाहर लगी रही परीक्षार्थियो की भीड़, सुरक्षा के रहे कड़े प्रबंध…
बिजनौर (चिंगारी)।
रविवार को दूसरे दिन भी जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और भारी गहमा गहमी के बीच सम्पन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में हुई। भीषण गर्मी में परीक्षा केंद्रो के बाहर परीक्षार्थियों की भीड़ लगी रही। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक हुई।परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए है। प्रश्नपत्रों को स्ट्रांग रूम से परीक्षा केंद्र तक ले जाने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए थे, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से लगातार की जाती रही।परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की गई। प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों के जूते-मोजे तक उतरवाकर जांच की गई। केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट की दुकानों को भी एहतियातन बंद कराया गया, ताकि किसी भी प्रकार की नकल की संभावना न रहे। परीक्षा के लिए आर्य वैदिक कन्या इंटर कॉलेज, जीआईसी बिजनौर, बिजनौर इंटर कॉलेज, जीजीआईसी बिजनौर, वर्धमान कॉलेज, किसान इंटर कॉलेज (पीली चौकी), ह्र्दयानन्द सार्वजनिक इंटर कॉलेज झालू, किसान इंटर कॉलेज मड़ावली, आरजेपी इंटर कॉलेज बिजनौर, पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज झालू, केपीएस कन्या इंटर कॉलेज, आरबीडी महिला महाविद्यालय और गुरु गृह इंटर कॉलेज विदुर कुटी में कराई जा रही है।







