बकायादारों पर तहसील प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बीमा कंपनी से वसूले 59.05 लाख रुपये
राजस्व वसूली अभियान के तहत एमएसीटी के आदेश पर हुई कार्रवाई, बीकानेर एक्सिस बैंक खाते को किया गया सीज
बिजनौर (चिंगारी)।
सदर। राजस्व वसूली अभियान के तहत तहसीलदार सदर आशीष सक्सेना के मार्गदर्शन में तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड से 59,05,725 रुपये की वसूली करवाई। यह राशि एमएसीटी (न्यायालय, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, बीकानेर) के आदेश के तहत प्रमोद कुमार आदि के पक्ष में कंपनी से वसूली के लिए जारी 59,24,868 रुपये के मांग-पत्र के बाद जमा कराई गई।
तहसील प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते 59,05,725 रुपये एक्सीडेंट क्लेम खाते में जमा करवाए गए। कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद बकायादारों में हड़कंप मच गया।
शहर संग्रह अमीन सूरजमल के मुताबिक, कंपनी का बीकानेर एक्सिस बैंक में संचालित खाता उप-जिलाधिकारी के आदेश पर सीज करने की कार्रवाई अमल में लाई गई थी। खाता सीज किए जाने की कार्रवाई से इंश्योरेंस कंपनी में भी हड़कंप मच गया|
तहसीलदार सदर आशीष सक्सेना ने कहा कि बकाया वसूली अभियान में सहयोग नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वसूली कार्य में किसी भी स्तर पर राजनीतिक हस्तक्षेप या किसान नेताओं की दखलंदाजी स्वीकार नहीं की जाएगी।









