पीएम मोदी के मन को भा गई बिजनौर की विदुर प्रेरणा हर्बल टी ‘मन की बात’ कार्यक्रम में की सराहना – देखें पूरी वीडियो

शुभ रघुवंशी, बिजनौर (चिंगारी)।

नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और पूरा वीडियो देखें।




‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिजनौर जिले के कोतवाली देहात ब्लॉक स्थित लखीवाला गांव की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही ‘विदुर प्रेरणा हर्बल टी’ की खुलकर सराहना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई सराहना विदुर प्रेरणा उत्पादों के लिए संजीवनी बन गई है। आज मन की बात के 136वें संस्करण में पीएम मोदी ने अपने संबोधन में मुख्य रूप से कारगिल विजय दिवस के साथ-साथ चाय से अपने जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ‘आप भली-भांति जानते हैं कि मेरा चाय से रिश्ता क्या है।’ प्रधानमंत्री ने बताया कि बिजनौर के ग्राम लखीवाला गांव की महिलाओं ने केवल एक लाख के शुरुआती ऋण (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत) से इसकी शुरुआत की थी और आज यह एक सफल उद्यम बन चुका है। उन्होंने बिजनौर विदुर प्रेरणा हर्बल टी प्रोडक्ट ग्रुप की महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्यों की जमकर सराहना की। ‘वोकल फॉर लोकल’ का उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने बताया कि इस स्वदेशी चाय को प्रयागराज के महाकुंभ और दिल्ली (भारत मंडपम) के फूड फेस्टिवल में भी खूब सराहना मिली है और यह महिलाओं द्वारा ‘लोकल टू ग्लोबल’ के सपने को साकार करने का बेहतरीन उदाहरण है।

औषधीय गुण और स्वाद से भरपूर है हर्बल टी

प्रेरणा हर्बल टी लेमनग्रास, गिलोय, मुलेठी, तुलसी, सौंफ और कच्ची हल्दी जैसी प्राकृतिक जड़ी-बूटियों से तैयार की जाती है। किसी भी केमिकल से मुक्त होने के कारण यह शरीर की इम्युनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) बढ़ाने में काफी असरदार है।

12 करोड़ का कारोबार, 64 कैफे आउटलेट

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी बिजनौर की ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी अब राष्ट्रीय स्तर से आगे बढक़र अंतरराष्ट्रीय पहचान की ओर अग्रसर है। विकास खंड कोतवाली के ग्राम लखीवाला स्थित महिला स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की सदस्य विगत लगभग दो वर्षों से इस हर्बल टी का निर्माण एवं पैकेजिंग कर रही हैं। वर्तमान में इस ब्रांड के अंतर्गत 160 से अधिक उत्पादों का उत्पादन एवं विपणन स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा है। ब्रांड का कुल कारोबार 12 करोड़ से अधिक हो चुका है। इन उत्पादों की बिक्री 100 से अधिक विदुर प्रेरणा स्वदेशी ब्रांड आउटलेट्स तथा 64 से अधिक विदुर प्रेरणा कैफे के माध्यम से की जा रही है।