हरिद्वार-काशीपुर हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी बस में रोडवेज बस की टक्कर, हेल्पर की मौत

हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। गांव मनोहर वाली के पास रामगंगा नदी के पुल से पहले हाईवे किनारे खड़ी एक टूरिस्ट बस में रोडवेज बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टूरिस्ट बस का हेल्पर मौके पर ही मौत का शिकार हो गया, जबकि दंपती समेत तीन श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।

बुधवार रात लगभग दो बजे काशीपुर से एक प्राइवेट टूरिस्ट बस रुड़की के पास स्थित कलियर शरीफ जा रही थी। बस में करीब 60 श्रद्धालु सवार थे। भूतपुरी क्षेत्र में पहुंचने पर कुछ यात्रियों ने लघुशंका के लिए बस रोकने को कहा। चालक ने गांव मनोहर वाली से आगे रामगंगा नदी के पुल से पहले बस को हाईवे किनारे खड़ा कर दिया।

इसी दौरान कई यात्री नीचे उतर गए और बस का हेल्पर गोपी कुमार (45 वर्ष), निवासी गिरताल, काशीपुर पिछले टायर की जांच कर रहा था। तभी पीछे से आ रही कौशांबी डिपो की रोडवेज बस ने टूरिस्ट बस में जोरदार टक्कर मार दी।

चीख-पुकार और घायलों की स्थिति

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बसें क्षतिग्रस्त हो गईं और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में हेल्पर गोपी की मौत हो गई। वहीं, नसीम (60 वर्ष), उनकी पत्नी रिहाना और इकबाल (21 वर्ष), निवासी मोहल्ला अली खां, काशीपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद रोडवेज बस का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों बसों को कब्जे में ले लिया और श्रद्धालुओं को अन्य बसों से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया।

पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। रोडवेज बस कौशांबी डिपो की थी, जो काशीपुर से धामपुर की ओर जा रही थी। घायलों का इलाज जारी है और मृतक हेल्पर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।