फरीदपुर भोगी में सनसनी: मोनिका देवी की आत्महत्या के पीछे उत्पीड़न का खेल
पति रणवीर सिंह ने दी तहरीर, सुसाइड नोट मिलने से मामला गरमाया
बिजनौर (चिंगारी)। समीपव्रती ग्राम फरीदपुर भोगी निवासी रणवीर सिंह की पत्नी मोनिका देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई आत्महत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अंतिम संस्कार के दो दिन बाद महिला के कमरे से मिले सुसाइड नोट ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी। पति रणवीर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फंदे पर झूल गई थी मोनिका
दो दिन पहले मोनिका देवी ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिजनों ने बिना पुलिस को खबर दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। उस समय यह मामला पारिवारिक विवाद या सामान्य तनाव का प्रतीत हो रहा था, लेकिन अब सामने आए तथ्यों ने पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बना दिया है।
सुसाइड नोट से छलक आई आँखे
बुधवार को जब परिजनों ने महिला के कमरे की तलाशी ली, तो एक सुसाइड नोट बरामद हुआ जिसमें मोनिका देवी ने अपने पति और परिवार से माफी मांगते हुए एक युवक द्वारा लगातार परेशान किए जाने का जिक्र किया है। उसने लिखा कि वह इस उत्पीड़न को किसी से साझा नहीं कर पा रही थी। इसी वजह से उसने मौत का रास्ता चुना।
आखिरी वीडियो कॉल में छलका दर्द
बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले मोनिका देवी ने अपने मायके में वीडियो कॉल की थी। कॉल के दौरान वह रो रही थी, लेकिन परिजनों ने इसे पति-पत्नी के बीच सामान्य विवाद समझकर गंभीरता से नहीं लिया। यही चूक अब परिवार को भीतर तक झकझोर रही है। दुखद यह भी रहा कि घटना के समय उसकी दो मासूम बेटियां पास ही चारपाई पर सोती रहीं और उन्हें इस भयावह घटना का आभास तक नहीं हुआ।
डिजिटल अरेस्ट और पैसों की मांग की चर्चा
गांव में चर्चा है कि
मोनिका देवी को किसी ने कथित रूप से “डिजिटल अरेस्ट” कर रखा था और उसे धमकाकर पैसों की मांग की जा रही थी। साथ ही गांव के ही एक युवक द्वारा उसे परेशान किए जाने की बातें भी सामने आ रही हैं। इन घटनाओं ने महिला को गहरे मानसिक तनाव में धकेल दिया, जो अंततः उसकी मौत का कारण बना।
जांच में जुटी पुलिस
पति रणवीर सिंह ने पुलिस को तीन मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए हैं, जिनसे मोनिका के फोन पर लगातार कॉल आ रही थीं। यहां तक कि अंतिम संस्कार के दौरान भी एक युवक द्वारा वीडियो कॉल किए जाने की बात सामने आई है, जिससे मामला और अधिक गंभीर हो गया है।
एसपी ने कही जांच की बात
एसपी अभिषेक झा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सुसाइड नोट में एक युवक द्वारा उत्पीड़न का जिक्र सामने आया है। साथ ही साइबर अपराध की आशंका को ध्यान में रखते हुए हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।
गांव में मातम, उठ रहे कई सवाल
मोनिका देवी की मौत ने गांव फरीदपुर भोगी को गमगीन कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं—क्या समय रहते मदद मिलती तो मोनिका की जान बच सकती थी? क्या डिजिटल अपराधों का जाल अब गांवों तक पहुंच चुका है?
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर दिया है और यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि मानसिक तनाव और साइबर उत्पीड़न जैसे मामलों को समय रहते गंभीरता से लेना कितना जरूरी है।








