मिशन शक्ति के तहत एंटी रोमियो टीम ने बालिकाओं को किया जागरूक, साइबर क्राइम, हेल्पलाइन नंबर व सरकारी योजनाओं की जानकारी दी,पम्पलेट वितरित किये
बिजनौर (चिंगारी)। मिशन शक्ति फेस 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत गुरुवार को एंटी रोमियो टीम ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बिजनौर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान बालिकाओं और महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव, विभिन्न महिला हेल्पलाइन नंबरों और सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में टीम द्वारा वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवाएं 102 व 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड लाइन 1098 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी साझा की गई। साथ ही विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और नशा मुक्ति भारत अभियान जैसी योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया।
एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति या समस्या के समय इन हेल्पलाइन नंबरों का निःसंकोच उपयोग करें। कार्यक्रम के दौरान पम्पलेट वितरित कर नोडल अधिकारियों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए गए। छात्राओं ने कार्यक्रम में रुचि लेते हुए कई प्रश्न पूछे, जिनका टीम द्वारा समाधान किया गया।








