डिलीवरी के दौरान महिला की मौत,डाक्टर पर लापरवाही का आरोप,
घर में चल रहे कथित अवैध क्लिनिक पर उठे सवाल, परिजनों ने किया हंगामा
बिजनौर (चिंगारी)।
नगर की महादेवपुरम कॉलोनी में डिलीवरी के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत से हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
ग्राम शहज़ादपुर नांगल सोती निवासी जोगेंद्र की गर्भवती पत्नी उषा (27 वर्ष) को महादेवपूरम कालोनी बिजनौर में एक घर में कथित अवैध रूप से चल रहे अस्पताल में डिलीवरी के लिये भर्ती कराया गया था।बताया जा रहा है कि यह उनका तीसरा प्रसव था। डिलीवरी के दौरान बच्चे का जन्म सुरक्षित हो गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के चलते महिला की मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि खुद को डाक्टर बताने वाली सुरेशना ने जबरन नार्मल डिलीवरी कराई। परिवार के अनुसार, वे बुधवार को गर्भवती महिला को इलाज के लिए वहां लेकर पहुंचे थे। गुरुवार को डिलीवरी के दौरान कथित रूप से लापरवाही बरती गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि महिला एक साथ दो डिलीवरी करा रही थी।जबरदस्ती प्रसव कराने के चलते अधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे उषा की मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने हंगामा किया और संबंधित महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को शांत कराया। परिजनों की ओर से तहरीर दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।








