एक्सीडेंट कुत्ते और बाइक का, होटल संचालक जिम्मेदार?
बिजनौर, चिंगारी
हाइवे पर टक्कर एक कुत्ते और बाइक चालक की होती है, लेकिन इस दुर्घटना के लिए एक होटल मालिक को ज़िम्मेदार बता दिया गया।
आप सोच रहे होंगे कि इस दुर्घटना में भला होटल संचालक कहाँ से आ गया। दरअसल जिस व्यक्ति ने होटल संचालक को इसके लिए ज़िम्मेदार माना है, उसका तर्क है कि होटल नॉन-वेज है और अक्सर कुत्ते यहां हड्डियां खाने आते हैं, हालांकि जिस जगह ये घटना हुई है, वह स्थान होटल से काफी दूरी पर स्थित है, अब होटल संचालक परेशान है कि कुत्ते और बाइक की टक्कर में भला उसे क्यों घसीटा जा रहा है। इस बात की खूब चर्चा हो रही है।
जिन गलियों में मीट की दुकान उनका क्या?
पूरे मामले की शिकायत पुलिस में भी हुई, इस मामले में कथित तौर पर पुलिसवाले भी होटल संचालक के पास मामले की जानकारी को पहुंचे, जिस पर होटल संचालक ने हड्डियां आदि खुले में फेंकने की बात को सिर्फ झूठ और अफवाह बताया। ये भी कहा कि जिन गलियों में मीट की दुकानें हैं, क्या वहां ऐसे आरोपों को आधार बनाया जा सकता है।







