बिजनौर :- यूपीआई ट्रांजैक्शन पर प्रस्तावित शुल्क के विरोध में व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन..
बिजनौर। 15 अक्टूबर 2026 से ₹2,000 से अधिक के यूपीआई ट्रांजैक्शन पर 0.04 प्रतिशत शुल्क लगाए जाने के प्रस्ताव के विरोध में व्यापारियों ने बुधवार को माननीय प्रधानमंत्री के नाम उप जिलाधिकारी, बिजनौर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि यूपीआई आज व्यापारिक लेन-देन का एक महत्वपूर्ण और सुविधाजनक माध्यम बन चुका है। ऐसे में यूपीआई ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने से व्यापार की गति प्रभावित होगी तथा बाजार में मंदी का दौर शुरू होने की आशंका है। इसका प्रतिकूल प्रभाव अंततः सरकार के राजस्व पर भी पड़ सकता है।
व्यापारियों ने कहा कि व्यापारी वर्ग पहले से ही विभिन्न प्रकार के करों एवं आर्थिक दायित्वों का सामना कर रहा है। ऐसे में यूपीआई लेन-देन पर अतिरिक्त शुल्क व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालेगा।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि व्यापार एवं अर्थव्यवस्था के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए यूपीआई ट्रांजैक्शन पर प्रस्तावित शुल्क वापस लिए जाने के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करने की कृपा करें।
इस अवसर पर जिला महामंत्री मुनीष त्यागी, प्रांतीय संगठन मंत्री बी.एस. राजपूत, युवा नगर अध्यक्ष गजेंद्र सिंह चौहान, डॉ. जमीरउद्दीन उस्मानी, जिला उपाध्यक्ष गुलाम साबिर, नगर महामंत्री अरविंदर सिंह, नगर कोषाध्यक्ष अनुज गोयल, दीपक अरोड़ा, रजत दीक्षित, साहिल मदान, युवा जिला महामंत्री चिराग सेठी सहित अनेक व्यापारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।









