एसपी की तबादला एक्सप्रेस: 400 से अधिक पुलिसकर्मियों को किया इधर से उधर
बिजनौर (बि.यु.)। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 400 से अधिक पुलिसकर्मियों के तबादले कर दिए। इनमें 70 से अधिक हेड कांस्टेबल और 15 से अधिक महिला हेड कांस्टेबल समेत बड़ी संख्या में कांस्टेबल शामिल हैं। लंबे समय से एक ही थाने या शाखा में तैनात पुलिसकर्मियों को भी इधर-उधर किया गया है।
पुलिस विभाग में लंबे समय से एक ही थाने में तैनात पुलिसकर्मियों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। कई पुलिसकर्मी कई-कई साल से थानों में जमे हुए थे। वहीं कुछ पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायतें मिलने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की भी चर्चा थी। थानों में सक्रिय कारखासों को लेकर भी शिकायतें सामने आती रही हैं।
माना जा रहा है कि तबादला सूची के जरिए पुलिस कप्तान कृष्ण कुमार बिश्नोई ने लंबे समय से एक ही जगह पर जमे पुलिसकर्मियों को हटाने की कवायद की है। तबादला सूची में पुलिस लाइन में तैनात पुलिसकर्मियों को भी थानों में नई तैनाती दी गई है। इसके अलावा अलग-अलग थानों और शाखाओं में तैनात पुलिसकर्मियों को भी दूसरे थानों में स्थानांतरित किया गया है।









