अफजलगढ़: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में मीडिया कार्यशाला
वन्यजीव संरक्षण और पत्रकारिता पर संवाद
रामनगर स्थित त्यारा रिसॉर्ट में 18 सितंबर को कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ओर से एक विशेष मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला का उद्देश्य वन विभाग और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी आमजन तक पहुँचाना था।

मुख्य वक्ता और विचार
कार्यशाला में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बड़ोला, कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से शोध कर लौटी वरिष्ठ पत्रकार एवं वन्यजीव संरक्षण विशेषज्ञ प्रेरणा सिंह बिंद्रा तथा दूरदर्शन के हितेश त्रिपाठी ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार साझा किए।
निदेशक का संदेश
कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. साकेत बड़ोला ने कहा कि वन्यजीवों से जुड़ी खबरों में तथ्यों की शुद्धता, संतुलन और संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी घटना की खबर प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पूरी जानकारी कर लेना आवश्यक है, ताकि गलतफहमी न फैले। उनका मानना है कि वन विभाग और मीडिया के बीच निरंतर संवाद से वन्यजीव संरक्षण के विषयों को बेहतर ढंग से आमजन तक पहुँचाया जा सकता है।
पत्रकारों की सहभागिता
इस कार्यशाला में बिजनौर टाइम्स ग्रुप (बिजनौर टाइम्स/चिंगारी) की ओर से पत्रकार नितिन दिनेश कौशिक ने भी सहभागिता की। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण एवं पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया और मीडिया की जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला।









