बिजनौर – अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने कसी पुलिस की नकेल
मासिक अपराध गोष्ठी में कानून-व्यवस्था की समीक्षा,
लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के निर्देश दिये
बिजनौर (चिंगारी)। पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी कृष्ण कुमार ने जनपद की अपराध स्थिति और कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न थाना क्षेत्रों में घटित अपराधों, उनके अनावरण तथा पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए।
एसपी कृष्ण कुमार ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने विवेचकों को निर्देशित किया कि विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विभिन्न मामलों में वांछित चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। एसपी ने कहा कि गंभीर एवं लंबित मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा अपराधियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएं।
कानून-व्यवस्था को लेकर भी पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर आमजन से संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराएं। किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित किया जाए।
गोष्ठी में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराधों की रोकथाम, लंबित मामलों के निस्तारण तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सहित विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी ने अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपेक्षा की।







