बिजनौर :- तीन महीने से वेतन नहीं मिलने पर आउटसोर्स कर्मचारियों ने दिया धरना
नौकरी से हटाने की धमकी देने का आरोप, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने से रोगी रहे परेशान
बिजनौर (चिंगारी)। महात्मा विदुर राजकीय स्वशासी मेडिकल कॉलेज/जिला अस्पताल में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने तीन महीने से वेतन न मिलने के विरोध में अस्पताल में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। वेतन नहीं मिलने से आर्थिक संकट से जूझ रहे कर्मचारियों ने बकाया वेतन का भुगतान जल्द कराने की मांग कर रहे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी से कर रहे हैं, लेकिन पिछले तीन महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला,इससे उनके सामने परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की फीस, मकान का किराया और अन्य जरूरी खर्चों को लेकर आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है।
धरने पर बैठे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वेतन की मांग करने पर उन्हें नौकरी से हटाने की धमकी दी जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि वह अपने किए गए काम का ही वेतन मांग रहे हैं, इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा।
वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों के प्रदर्शन के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुईं। पर्चा बनवाने सहित अन्य व्यवस्थाओं में परेशानी के चलते इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और तीमारदारों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कर्मचारियों के मुताबिक, उन्होंने इस संबंध में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य से शिकायत की थी। उन्हें वेतन भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय तक भुगतान नहीं होने के बाद कर्मचारियों ने धरने का रास्ता अपनाया।
कर्मचारियों ने मांग की कि उनका बकाया वेतन तत्काल जारी कराया जाए और भविष्य में समय से वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए धरना-प्र्दर्शन में रीना, रिमाइज़म, निधि, प्रीति, अनीता, भोली, ज्योति, राखी, सपना, सत्यदेव शर्मा, विकास कुमार, अक्षुनी कुमार, हिमांशु और अमर सिंह सहित दर्जनो आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे। प्राचार्य डा.ललिता चौधरी ने प्रदर्शनकारी कर्मचारियों से बात करते हुए बताया कि उनका एक माह का वेतन आगया है। शीघ्र ही शेष वेतन भी आजायेगा। कर्मचारी पूर्ण भुगतान की मांग पर अड़े थे।







