एसपी बैराज पुलिस चौकी पहुंचे रात को, पुलिसकर्मियों को बारीकी से समझाया हर बात को
ड्यूटी परखकर दिए सतर्कता के निर्देश
संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग के दिए आदेश
बिजनौर (चिंगारी)। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने रात को अचानक मध्य गंगा बैराज पुलिस चौकी का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी के अचानक चौकी पहुंचने से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी चेक की और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निर्देशित किया कि रात के समय विशेष सतर्कता बरती जाए। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने पुलिसकर्मियों से मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा।
एसपी ने कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि बैराज जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जानी चाहिए। क्षेत्र में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जाए। आवश्यकता के अनुसार प्रभावी चेकिंग अभियान चलाया जाए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को हमेशा तैयार रहने तथा सूचना मिलते ही बिना देरी किए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी व्यवस्था की बारीकी से जानकारी ली और पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में भ्रमण एवं निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता और सतर्कता से ही अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
एसपी के निरीक्षण के बाद चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को रात्रि ड्यूटी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सावधानी बरतने और उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







