बिजनौर:- कोतवाली परिसर में युवती ने लगाई आग, 60 प्रतिशत झुलसी
दुष्कर्म में कार्रवाई से असंतुष्ट होकर उठाया कदम, मेरठ रेफर
बिजनौर। थाना कोतवाली शहर बिजनौर में रविवार रात करीब पौने 11 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब किरतपुर क्षेत्र के ग्राम छितावर निवासी एक युवती ने कथित रूप से खुद को आग लगा ली। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक युवती करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी।
घायल युवती की पहचान अवनीशा चौधरी के रूप में हुई है। उसे तत्काल जिला मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा के अनुसार युवती ने पूर्व में स्वाहेड़ी निवासी सौरभ नामक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर पुलिस ने मामले में अंतिम रिपोर्ट (एफआर) लगा दी थी। इसके बाद युवती ने दोबारा युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें पुलिस ने आरोपपत्र (चार्जशीट) न्यायालय में दाखिल कर दिया था।
एसपी ने बताया कि आरोपी युवक सेना में कार्यरत है और उसने हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्थगन आदेश (अरेस्टिंग स्टे) प्राप्त कर रखा है। बताया गया कि रविवार रात युवती थाना कोतवाली पहुंची थी और मामले में कार्रवाई न होने से क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठा लिया।
घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की जांच की जा रही है।







