बिजनौर :- सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर गंगा बैराज पर श्रद्धालुओं का उमड़ पड़ा भारी जनसैलाब

बिजनौर(चिंगारी )। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर सोमवार को गंगा बैराज पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह तड़के से ही श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंचने लगे और श्रद्धा एवं आस्था के साथ गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। बड़ी संख्या में लोगों ने अपने पितरों की शांति एवं मोक्ष की कामना से तर्पण और पूजा-अर्चना भी की।


गंगा बैराज पर दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद दान-पुण्य कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं की भी अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।


श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। गंगा घाटों तथा प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारियों द्वारा समय-समय पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया गया।


सोमवती अमावस्या का महत्व पितरों के तर्पण के लिए अधिक होने पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।इसके बावजूद भी स्नान पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।सोमवती अमावस्या के अवसर पर गंगा बैराज पर पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।