नहटौर में महिला शक्ति का प्रदर्शन, शोभा रानी के नेतृत्व में निकली जन आक्रोश रैली

नहटौर। ब्लॉक परिसर नहटौर में “नारी शक्ति के स्वाभिमान” को समर्पित जन-आक्रोश महिला सम्मेलन एवं रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती शोभा रानी रहीं, जिनके नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में माताओं एवं बहनों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के उपरांत महिलाओं द्वारा एक विशाल जनआक्रोश रैली निकाली गई, जो ब्लॉक परिसर से प्रारंभ होकर हल्दौर चौराहे तक पहुंची। यहां महिलाओं ने विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
अपने संबोधन में श्रीमती शोभा रानी ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को उनका अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि नारी वंदन अधिनियम का विरोध कर उसे संसद में पारित न होने देना देश की आधी आबादी के साथ अन्याय है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आह्वान किया कि वे महिला सशक्तिकरण के इस अभियान को और मजबूत करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर नहटौर विधानसभा के विधायक ओम कुमार, राकेश चौधरी, वैभव गोयल, श्रीमती सुधा, श्रीमती प्रीति, श्रीमती अंगज, श्रीमती मीनू, श्रीमती शशि बालाजी, सहाना परवीन, तिलक राज सैनी, महावीर सैनी, डॉ. उर्मिला पाल, चमन दहिया सहित सैकड़ों की संख्या में माताएं एवं बहनें उपस्थित रहीं।