झालू में शराब ठेका हटाने की मांग पर धरना प्रदर्शन

झालू ( चिंगारी)। नगर में आज कुछ लोग शराब का ठेका हटवाने के विरोध में धरने पर बैठ गये, और ठेका हटवाने की मांग करने लगे। तथा मौके पर पहुंचे हल्दौर थानाध्यक्ष को एक लिखित ज्ञापन सौंपा।
नगर में अंग्रेजी शराब का ठेका पहले टंकी कंपाउंड के सामने नहटौर रोड पर स्थित था। अब ये दुकान ठेकेदार द्वारा वहां से हटाकर झालू तिराहे पर स्थित दुकानों में खोल दी गयी। दुकान खुलने पर वहां आसपास रहने वाले लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। और शनिवार सुबह झालू तिराहे पर ठेके के सामने धरना देकर बैठ गये और इस ठेके को हटवाने के लिए नारेबाजी की।
इसके बाद सूचना पर भारतीय किसान यूनियन के नगर अध्यक्ष कामेंद्र सिंह भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इस स्थान पर शराब की दुकान खुलने का विरोध किया।
लोगो का कहना है कि इस शराब के ठेके से कुछ ही दूरी पर एक मस्जिद है, वहीं ठेके के ठीक पीछे कब्रिस्तान भी स्थित है। इसके अलावा यह स्कूल से आने जाने वाले छात्र छात्राओं का रास्ता भी है। इन सब बातों से यहां शराब की दुकान खुलना अनुचित है, जिसका हम घोर विरोध करते है। यह दुकान यहां से हटकर किसी अन्य स्थान पर जानी चाहिए।
धरना प्रदर्शन करने वाले में मौके पर हल्दौर थानाध्यक्ष किशन अवतार को बुलाकर उन्हें एक लिखित ज्ञापन सौंपा।
जिसमें उन्होंने अपनी मांगों को लिखकर दिया है। वहीं हल्दौर थानाध्यक्ष का कहना है कि जो भी विधिक प्रक्रिया होगी उसी के अनुसार कार्य किया जायेगा।
इस मौके पर मोहम्मद अब्बास, नदीम, मोनू, इमरान, जावेद,नईम अहमद, अर्पित, शेर सिंह, निजामुद्दीन, मोहम्मद नौशाद आदि मौजूद रहे।