नारी शक्ति का अपमान बर्दाश्त नहीं, महिलाओं को अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है भाजपा
महिला आरक्षण बिल को लेकर प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल का विपक्ष पर हमला, सपा-कांग्रेस पर महिलाओं के हितों की अनदेखी का आरोप
बिजनौर (चिंगारी)। ‘नारी शक्ति संवेदनशील होने के साथ-साथ साहसी भी है, वह झांसी की रानी की तरह संघर्ष करना जानती है’- यह बात जनपद के प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भाजपा के ‘महिला जन आक्रोश’ अभियान के तहत कलेक्ट्रेट स्थित विदुर सभा गार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कही। उन्होंने महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस, सपा और इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष का महिला विरोधी चेहरा अब पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें उनके अधिकार दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
प्रभारी मंत्री ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण का मुद्दा राजनीतिक नहीं था, लेकिन विपक्ष ने इसे राजनीति का रूप देते हुए बिल को गिराकर नारी शक्ति का अपमान किया। बिल गिरने के दौरान सदन में विपक्ष के नेताओं का जो रवैया रहा, वह बेहद आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण था। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार द्रौपदी के चीरहरण की शर्मनाक घटना के दौरान दुर्योधन आदि का रवैया था, ठीक वैसा ही शर्मनाक रवैया विपक्ष ने महिला आरक्षण बिल पर प्रदर्शित किया है।
कपिल देव अग्रवाल ने तीन तलाक के मुद्दे का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस और सपा पर महिलाओं के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन दलों का महिलाओं के प्रति रवैया हमेशा नकारात्मक रहा है। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं के बयान भी महिलाओं के प्रति उनकी सोच को दर्शाते हैं।
प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान ‘बॉबी’, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा रश्मि रावल, चेयरपर्सन श्रीमती इंदिरा सिंह, डॉ. बीरबल सिंह, हरजिंदर कौर और लीना सिंघल सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।






