घर में घुसकर युवती पर चाकू से हमला किया, हालत गंभीर एक तरफा प्रेम का मामला, ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस को सौंपा…
(चिंगारी)। जनपद के नहटौर थाना क्षेत्र के ग्राम मीमला में आज उस समय सनसनी फैल गई, जब दूसरे गांव के एक युवक ने घर में घुसकर एक युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार किये। युवती को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी युवक को ग्रामीणों ने पकडक़र पुलिस को सौंप दिया। मामला एकतरफा प्रेम का बताया जा रहा है। नहटौर से प्राप्त समाचार के अनुसार आज पूर्वाह्न लगभग 11 बजे ग्राम मीमला में शाकिर की पुत्री निकहत उर्फ गुल्लो (19 वर्ष) घर में झाडू लगा रही थी कि इसी बीच फैजान नामक युवक घर में घुसा और गुल्लो को कमरे के भीतर से खींचकर बाहर बरामदे में लाया और चारपाई पर लेटाकर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिये। युवती के पेट व हाथ पर चाकू लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गई। युवती पर जानलेवा हमला करने के बाद आरोपी युवक भागने लगा, तो ग्रामीणों ने उसे पीछा कर पकड़ लिया। आरोपी फैजान पुत्र इरशाद ग्राम गागू नंगला थाना हीमपुर दीपा का निवासी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। नहटौर थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवती के परिजनों का आरोप है कि फैजान पिछले काफी दिनों से निकहत को परेशान कर रहा था। मामला एकतरफा प्रेम का बताया जा रहा है।







