बिजनौर में मस्जिद के मीनार पर गिरा स्ट्रीट लाइट टॉवर


बिजनौर शहर के मोहल्ला मिर्दगान में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां बाहर वाली मस्जिद के पास एक स्ट्रीट लाइट का टॉवर टूटकर मस्जिद के मीनार पर गिर गया, जिससे मीनार क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टॉवर गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। टॉवर सीधे मस्जिद के मीनार पर गिरा, हालांकि इसमें किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि संबंधित विभाग द्वारा स्ट्रीट लाइट टॉवरों और बिजली के खंभों की मरम्मत पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। उनकी लापरवाही के कारण यह घटना हुई है।

लोगों ने बताया कि क्षेत्र में कई अन्य लोहे के खंभे भी नीचे से गल चुके हैं और गिरने की कगार पर हैं, जिससे भविष्य में बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि सभी जर्जर खंभों और टॉवरों की तत्काल जांच कर उन्हें बदला जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने प्रशासन से शीघ्र ही जर्जर पड़े खंभों की मरम्मत व बदलने की अपील की है।