नवागत डीएम उमेश प्रताप सिंह ने संभाली बिजनौर की कमान

गार्ड ऑफ ऑनर के बाद ग्रहण किया पदभार, जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण प्राथमिकता

बिजनौर (चिंगारी)। नवागत जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने बुधवार को बिजनौर पहुंचकर जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कोषागार में आवश्यक अभिलेखों पर हस्ताक्षर करने के साथ उन्होंने औपचारिक रूप से जिले की कमान संभाली।


कलेक्ट्रेट पहुंचने पर नवागत जिलाधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी गई। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, एसडीएम सदर और कोषाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान डीएम उमेश प्रताप सिंह ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और जिले की प्रशासनिक व्यवस्था, विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया। महात्मा विदुर सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने कहा कि जनहित से जुड़ी समस्याओं का समाधान, आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण और शासन की प्राथमिकताएं उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेंगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहेगा कि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से समाधान किया जाए।