गंज में गंगा किनारे महिला-पुरुष के शव मिलने से सनसनी

जलधारा कम होने पर ग्रामीणों ने देखे शव, दोनों शव कई दिन पुराने, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे


गंज/ बिजनौर (चिंगारी)।जलालपुर के खादर क्षेत्र में दलित दंपती की मौत की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि गुरुवार सुबह दारानगर गंज क्षेत्र में गंगा किनारे महिला और पुरुष के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों शव अलग-अलग स्थानों पर काफी दूरी पर पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रथम दृष्टया दोनों शव कई दिन पुराने बताए जा रहे हैं। पुलिस का अनुमान है कि दोनों शव गंगा की धारा में कहीं बाहर से बहकर यहां पहुंचे होंगे।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से दारानगर गंज क्षेत्र में गंगा की जलधारा में उफान बना हुआ था। बृहस्पतिवार सुबह जलस्तर और जलधारा कम होने पर क्षेत्र के कुछ ग्रामीण गंगा की स्थिति देखने के लिए नदी किनारे पहुंचे। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर गंगा किनारे अलग-अलग स्थानों पर पड़े एक महिला और एक पुरुष के शवों पर पड़ी। शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों मृतकों की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। अभी तक दोनों की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक, महिला का शव बुरी तरह गल-सड़ चुका था, जबकि पुरुष का शव भी कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। दोनों शव एक-दूसरे से काफी दूरी पर मिले हैं। ऐसे में पुलिस प्रथम दृष्टया यह मान रही है कि दोनों शव गंगा की धारा के साथ बहकर किसी दूसरे स्थान से यहां पहुंचे होंगे। हालांकि, दोनों की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पहचान के प्रयास में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही उनकी पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आसपास के थाना क्षेत्रों और संबंधित स्थानों से लापता लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा सकती है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान संबंधी जानकारी मिलने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


सीओ सिटी ने कहा—कई दिन पुराने हैं दोनों शव


सीओ सिटी अभय कुमार पाण्डेय ने बताया कि महिला और पुरुष के शव अलग-अलग स्थानों पर और एक-दूसरे से काफी फासले पर मिले हैं। शवों की स्थिति देखकर दोनों के कई दिन पुराने होने की संभावना है। प्रथम दृष्टया दोनों शव गंगा में कहीं बाहर से बहकर आने की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।