बिजनौर में अवैध पटाखा फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई: 39 क्विंटल से अधिक विस्फोटक सामग्री, सुतली बम और कारतूस बरामद, दो गिरफ्तार

हीमपुर दीपा थाना पुलिस, राजस्व विभाग, FSSO और जनपदीय फील्ड यूनिट की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ, तैयार सुतली बम, अवैध कारतूस एवं कारतूस निर्माण उपकरण बरामद किए।


बिजनौर में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और कारतूस बरामद

बिजनौर, 14 सितंबर 2026। जनपद बिजनौर के थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र में पुलिस, राजस्व विभाग, FSSO एवं जनपदीय फील्ड यूनिट की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से मानक से अधिक मात्रा में विस्फोटक पदार्थ, निर्मित सुतली बम वाले पटाखे, अवैध रूप से निर्मित एवं अधनिर्मित कारतूस तथा कारतूस निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार 13 सितंबर 2026 को अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग तथा कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत चलाए जा रहे अभियान के दौरान ग्राम चौकपुरी स्थित बजरंग फायर वर्क्स पटाखा फैक्ट्री के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर राजस्व विभाग, FSSO तथा फील्ड यूनिट की टीम के साथ संयुक्त रूप से फैक्ट्री की जांच एवं चेकिंग की गई।

चेकिंग के दौरान फैक्ट्री के लाइसेंस में निर्धारित सीमा से कहीं अधिक मात्रा में विस्फोटक पदार्थ और तैयार सुतली बम वाले पटाखे पाए गए। इसके अलावा मौके से अवैध रूप से निर्मित एवं अधनिर्मित कारतूस तथा कारतूस निर्माण में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद हुए। बरामद विस्फोटक सामग्री और सुतली बम वाले पटाखों को सुरक्षा की दृष्टि से सुरक्षित स्थान पर रखकर राजस्व अधिकारी द्वारा सील कर दिया गया, जबकि नमूनों को जांच के लिए फील्ड यूनिट ने सुरक्षित कर लिया।

दो आरोपी गिरफ्तार

मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—

  1. मो. यूसुफ पुत्र बुन्दू हसन, निवासी मोहल्ला पीर शहीद कालोनी, कस्बा एवं थाना नहटौर, जनपद बिजनौर।
  2. गुफरान अहमद अंसारी पुत्र गुलाम मोहम्मद, निवासी मोहल्ला शहबात सहदरी, कस्बा एवं थाना नहटौर, जनपद बिजनौर।

इस संबंध में थाना हीमपुर दीपा पर मु.अ.सं. 117/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908, आयुध अधिनियम तथा बीएनएस की धारा 288/61(2) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे किराये पर ली गई फैक्ट्री में सुतली बम वाले पटाखे तथा कारतूस बनाने का कार्य करते थे। जांच में यह भी सामने आया कि फैक्ट्री में प्रयुक्त कच्चा माल अमजद पुत्र यासीन निवासी दरगाह रोड, परभणी, तहसील वासी, थाना कल्याण, जनपद उस्मानाबाद (महाराष्ट्र) द्वारा उपलब्ध कराया जाता था और तैयार माल भी उसी के माध्यम से बेचा जाता था।

आरोपियों के अनुसार रिजवान अहमद अंसारी (गुफरान अहमद अंसारी का भाई, जो वर्तमान में सऊदी अरब में रह रहा है) इस कारोबार में निवेश करता था तथा होने वाले लाभ को आपस में बांटा जाता था। कच्चे माल एवं तैयार माल की खरीद-फरोख्त बिना किसी वैध दस्तावेज के की जा रही थी और कच्चे माल के मिश्रण से अवैध कारतूस भी तैयार किए जाते थे।

बरामदगी का विवरण

विस्फोटक पदार्थ एवं कच्चा माल

  • एल्यूमिनियम पाउडर – 130 किलोग्राम
  • गंधक – 559 किलोग्राम
  • पोटेशियम नाइट्रेट – 548 किलोग्राम

निर्मित विस्फोटक सामग्री

  • निर्मित सुतली बम वाले पटाखे – 39 क्विंटल 59 किलोग्राम

निर्मित एवं अधनिर्मित कारतूस

  • 315 बोर के भरे हुए कारतूस – 11
  • 315 बोर के खोखा कारतूस – 16
  • 32 बोर के खोखा कारतूस – 07
  • 32 बोर के जिंदा कारतूस – 02

कारतूस निर्माण में प्रयुक्त उपकरण

  • छोटा पेचकस – 01
  • बड़ा पेचकस – 01
  • कटर – 01
  • पीतल की पत्ती – 01
  • पीतल के छोटे टुकड़े – 02
  • लोहे का टुकड़ा – 01

अभियुक्तों की जामा तलाशी से बरामदगी

  • मो. यूसुफ से एक सूबनी
  • गुफरान अहमद अंसारी से एक प्लास

संयुक्त टीम में शामिल अधिकारी

कार्रवाई में थाना हीमपुर दीपा पुलिस, राजस्व विभाग, FSSO बिजनौर, जनपदीय फील्ड यूनिट तथा फायर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम शामिल रही।