कांवड़ यात्रा को लेकर बिजनौर में ट्रैफिक प्लान जारी, कल 28 जुलाई से लागू होगा रूट डायवर्जन

हरिद्वार, कोटद्वार, मुरादाबाद और काशीपुर जाने वाले वाहनों के बदले रूट कई मार्गों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री रोडवेज बसों का भी बदला संचालन

बिजनौर (चिंगारी)। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर पुलिस-प्रशासन ने जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। श्रावण मास की शुरुआत 28 जुलाई से होगी। कांवड़ यात्रा और शिवरात्रि पर्व को देखते हुए जिले में चरणबद्ध तरीके से यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा। भारी वाहनों के लिए डायवर्जन 28 जुलाई की रात से 12 अगस्त तक, जबकि हल्के वाहनों के लिए 30 जुलाई की रात से 12 अगस्त तक व्यवस्था लागू रहेगी।


कांवडिय़ों के वाहनों को मंडावर चौराहा बिजनौर से नांगल, मंडावली और भागूवाला होते हुए हरिद्वार भेजा जाएगा। हरिद्वार की ओर जाने वाले हल्के वाहनों को गंगा बैराज पुल, सेंट मैरी चौराहा, किरतपुर, देव पेट्रोल पंप, जलालाबाद न्यू बाईपास, कोटद्वार बाईपास एनएच-534 और समीपुर नहर पटरी के रास्ते भेजा जाएगा। आवश्यक वस्तुओं वाले वाहनों को भी निर्धारित समय में इसी वैकल्पिक मार्ग से हरिद्वार जाने की अनुमति होगी। मेरठ और मुजफ्फरनगर की ओर से कोटद्वार-पौड़ी जाने वाले वाहनों के लिए गंगा बैराज पुल से सेंट मैरी चौराहा, देव पेट्रोल पंप तिराहा, जलालाबाद न्यू बाईपास और कोटद्वार बाईपास एनएच-534 का रूट तय किया गया है। वहीं काशीपुर और ऊधमसिंह नगर की ओर जाने वाले वाहनों को नजीबाबाद, धामपुर, अफजलगढ़, रेहड़ होते हुए काशीपुर की ओर भेजा जाएगा। भारी वाहनों का संचालन कई मार्गों पर केवल रात 12 बजे से सुबह चार बजे तक ही रहेगा।


इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध


कांवड़ यात्रा के दौरान नजीबाबाद-नगीना- धामपुर-स्योहारा- सहसपुर मार्ग पर कांवडिय़ों के वाहनों को छोडक़र अन्य हल्के, मध्यम और भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बिजनौर-चांदपुर- धनौरा मार्ग पर भी हल्के और भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसके अलावा बाल किशन चौराहा से नूरपुर-दौलतपुर मार्ग, चिडिय़ापुर बॉर्डर से भागूवाला चौकी और मोटा महादेव होते हुए नजीबाबाद, कोतवाली देहात, नहटौर, नूरपुर, शिवाला कलां और नौगावां सादात मार्ग पर भी यातायात प्रतिबंध रहेगा। बिजनौर-झालू-नहटौर, बिजनौर-नगीना तथा गोलबाग चौराहा-हल्दौर-नहटौर-धामपुर मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मंडावर-बालावाली मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।


रोडवेज बसों के भी बदले रूट


कांवड़ यात्रा के दौरान रोडवेज बसों का संचालन भी वैकल्पिक मार्गों से किया जाएगा। बिजनौर से मुरादाबाद जाने वाली बसें सेंट मैरी चौराहा, न्यू बाईपास, कोतवाली देहात, धामपुर, शेरकोट, अफजलगढ़ और जसपुर होते हुए चलेंगी। मेरठ, गाजियाबाद और दिल्ली जाने वाली बसें गंगा बैराज के रास्ते मेरठ होकर जाएंगी। हरिद्वार जाने वाली बसें सेंट मैरी चौराहा, देव पेट्रोल पंप, जलालाबाद न्यू बाईपास, कोटद्वार बाईपास एनएच-534 और समीपुर नहर के रास्ते संचालित होंगी।


तीसरे और चौथे सोमवार को भी रहेगा डायवर्जन


श्रावण मास के तीसरे और चौथे सोमवार को भी यातायात डायवर्जन जारी रहेगा। तीसरे सोमवार के लिए 13 अगस्त की मध्यरात्रि से 17 अगस्त की मध्यरात्रि तक और चौथे सोमवार के लिए 20 अगस्त की मध्यरात्रि से 24 अगस्त की मध्यरात्रि तक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान पूर्व निर्धारित मार्गों के अनुसार हल्के, भारी और मालवाहक वाहनों का संचालन किया जाएगा।


आवश्यक वस्तुओं के वाहनों को एस्कॉर्ट के साथ मिलेगी अनुमति


खाद्य सामग्री, पेट्रोलियम, गैस और मेडिकल सामग्री ले जाने वाले आवश्यक वस्तु वाहनों के लिए रात 12 बजे से सुबह चार बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहनों को संबंधित थाना प्रभारी द्वारा थाना मोबाइल एस्कॉर्ट के साथ अपने-अपने थाना क्षेत्र से पार कराया जाएगा।
पुलिस ने कांवडिय़ों से अपने साथ आईडी कार्ड रखने और कांवड़ की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं रखने की अपील की है। कांवड़ मार्ग पर शराब की दुकानें बंद रखने तथा होटल, ढाबों, धर्मशालाओं और सराय की नियमित जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। मोटा महादेव मंदिर के सामने आम के बाग में श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है।