पंजाब किसानों का दिल्ली कूच: शंभू-खनौरी बॉर्डर सील, दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेसवे बंद, पुलिस बल तैनात, धारा-163 लागू

भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के विरोध में पंजाब के किसानों का दिल्ली कूच शुरू। शंभू और खनौरी बॉर्डर सील, धारा-163 लागू। दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेसवे बंद, भारी पुलिस बल तैनात।

दिल्ली कूच के लिए किसानों का जमावड़ा

भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के विरोध में पंजाब के किसानों ने सरवन सिंह पंढेर के नेतृत्व में ‘देश बचाओ मोर्चा’ के तहत आंदोलन तेज कर दिया है। मंगलवार को सैकड़ों किसान शंभू और खनौरी बॉर्डर पर इकट्ठा हुए। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए शंभू बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया और इलाके में धारा-163 लागू कर दी गई।

किसान घाट पर विशाल रैली

दिल्ली कूच से पहले किसानों ने ‘किसान घाट’ पर चार घंटे की एक बड़ी रैली की। किसान नेताओं का आरोप है कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में किसानों से कोई राय नहीं ली गई। उनका कहना है कि इस समझौते के बाद अमेरिका से सस्ते सोयाबीन, सूखे मेवे, डेयरी उत्पाद और अनाज भारतीय बाजारों में भर जाएंगे, जिससे छोटे किसानों, मजदूरों और स्थानीय व्यापारियों को भारी नुकसान होगा।

शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

हरियाणा पुलिस ने शंभू और खनौरी बॉर्डर पर कंक्रीट बैरिकेड्स और भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने सीमा पर बड़े-बड़े स्लैब और बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद कर दिया है।

इसके साथ ही दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेसवे पर भी ट्रक और ट्राले खड़े कर आवागमन रोक दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर अर्धसैनिक बलों और हरियाणा पुलिस की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल पंजाब की ओर से किसी भी व्यक्ति को हरियाणा सीमा में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।

खनौरी बस स्टैंड पर निगरानी

खनौरी बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में भी भारी पुलिस बल मौजूद है। पुलिस किसानों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और उन्हें आगे बढ़ने से रोक रही है। कुछ किसान एक्सप्रेसवे तक पहुंचने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। किसान वहीं शांतिपूर्वक बैठे हुए हैं और शंभू बॉर्डर पर मौजूद किसान नेतृत्व से अगले निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं।