बिजनौर में दिनदहाड़े ट्रक चालक से मारपीट, एक लाख 21हज़ार रुपये छीनने का आरोप
खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताने वाले बोलेरो सवार युवकों पर आरोप, पुलिस ने रुपये छीनने की बात से किया इंकार
बिजनौर (चिंगारी)। शहर के चक्कर रोड स्थित राधिका बैंक्वेट हॉल के पास बुधवार सुबह बोलेरो सवार युवकों द्वारा एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर उससे एक् लाख 21 हजार रुपये छीनने की घटना सामने आई है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बता रहे थे। वहीं पुलिस ने रुपये छीनने की घटना से इंकार करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महकार (35 वर्ष) पुत्र जानू, निवासी ग्राम रावली नगला, थाना रतनपुरी, जिला मुजफ्फरनगर ने बताया कि वह ट्रक लेकर धामपुर शुगर मिल जा रहा था। वहां से उसे मेली भरकर पंजाब लौटना था। सुबह करीब आठ बजे जब वह बिजनौर के चक्कर रोड स्थित राधिका बैंक्वेट हॉल के पास पहुंचा, तभी दो बोलेरो गाड़ियों में सवार युवकों ने ट्रक के आगे वाहन लगाकर उसे रोक लिया।
महकार का आरोप है कि युवकों ने खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए उससे 1.21 लाख रुपये छीन लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोट आई। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार दोनों बोलेरो गाड़ियों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। उसने बताया कि ट्रक वर्ष 2023 में फाइनेंस पर खरीदा गया था। उस पर अभी पांच वर्ष का ऋण चल रहा है। घटना के समय वह ट्रक में अकेला था।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि करीब एक माह पूर्व झालू रोड रेलवे फाटक के पास भी कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी रोककर किस्त बकाया होने का हवाला देते हुए उससे 25 हजार रुपये छीन लिए थे।
उधर, थाना प्रभारी अवनीत मान ने चालक से रुपये छीनने के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि पीड़ित चालक अभी तक थाने नहीं आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटना की जांच की जा रही है।






