भाकियू की महापंचायत में निर्दोषों को न्याय दिलाने के लिए गरजे किसान
-किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू की महापंचायत आयोजित
नजीबाबाद (चिंगारी)। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के युवा प्रदेश अध्यक्ष चैधरी दिगंबर सिंह के आव्हान पर आलोपुर प्रकरण में निर्दोषों को न्याय दिलाने व किसानों की काफी समस्याओं को लेकर सोमवार को कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में आलोपुर प्रकरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। महापंचायत में भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी।

भाकियू अराजनैतिक द्वारा पहले नजीबाबाद तहसील परिसर में यह पंचायत किया जाना के निर्धारित था। किंतु प्रशासन के अनुरोध तथा आम जनमानस की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बाद में इसका स्थान बदलकर महापंचायत का आयोजन मंडी समिति परिसर नजीबाबाद में किया गया। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों का कहना था कि संगठन हमेशा किसानों, मजदूरों एवं आम नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए कार्य करता आया है। इसी उद्देश्य से निर्दाेष लोगों को न्याय दिलाने तथा न्याय की आवाज बुलंद के लिए यह महापंचायत आयोजित की गई है।
महापंचायत में किसान नेताओं ने कहा कि इस प्रकरण को लेकर प्रशासन के साथ कई दौर की वार्ता की गई।. लेकिन अब तक कोई ठोस एवं संतोषजनक समाधान नहीं निकल पाया। संगठन की स्पष्ट मांग है कि आत्महत्या मामले में सभी दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई की जाए। यदि इस पूरे मामले में शासन या प्रशासन का कोई अधिकारी अथवा कर्मचारी भी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध भी समान रूप से कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि इस प्रकरण में जिन निर्दाेष किसानों के विरुद्ध मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उन्हें बिना किसी शर्त तत्काल वापस लिया जाए तथा निर्दाेष किसानों का उत्पीड़न पूरी तरह बंद किया जाए।
महापंचायत में किसानों की अन्य समस्याओं पर भी विचार-विमर्श करते हुए प्रशासन से समस्याओं के हल की मांग की गई। महापंचायत में मुख्य रूप से चैधरी दिगंबर सिंह, जिला अध्यक्ष नितिन सिरोही, नितेंद्र प्रधान, बलराम सिंह, सरदार इकबाल सिंह, कुलबीर सिंह, भोपाल राठी, नवीन राजपूत, पुनीत चैहान, हिमांशु चैधरी, भूपेंद्र सिंह, प्रशांत चैधरी, देवेंद्र सिंह, मुनेन्द्र सिंह, पवन कुमार, महेंद्र सिंह, शहाबुद्दीन राईन, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे। मंडी समिति में किसान महापंचायत को देखते हुए ब़ड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहा। समाचार लिखे जाने तक महापंचायत जारी थी तथा इसमें कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जा रहा था।







