कोल्ड ड्रिंक की चुस्कियों के बीच बुझ गया जिंदगी का चिराग
मंडावर क्षेत्र में तीन बाप-बेटों पर युवक की चाकू से गोदकर हत्या करने का आरोप
पुरानी रंजिश बनी खूनी वारदात की वजह, मजदूरी को लेकर चल रहा था विवाद; परिवार में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम
बिजनौर (चिंगारी)। मंडावर थाना क्षेत्र के ग्राम कोहरपुर में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 19 वर्षीय एक युवक की कथित रूप से तीन लोगों ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। चंद मिनट पहले तक अपने चचेरे भाई के साथ दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पी रहा युवक देखते ही देखते खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। इस हृदयविदारक घटना से गांव में दहशत और मातम का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कोहरपुर निवासी चरण सिंह का 19 वर्षीय पुत्र बिट्टू रविवार सुबह अपने चचेरे भाई आशू पुत्र विनोद के साथ गांव की एक दुकान पर खड़ा कोल्ड ड्रिंक पी रहा था। इसी दौरान गांव निवासी सुरेंद्र वहां पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए बिट्टू से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुरेंद्र ने चाकू निकालकर बिट्टू के सीने पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल बिट्टू को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिला अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। गांव में घटना के बाद भारी भीड़ जमा हो गई। पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
मृतक के पिता चरण सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में गांव निवासी सुरेंद्र तथा उसके दोनों पुत्र अमित और नीटू को नामजद करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरोपियों की बिट्टू से काफी समय से रंजिश चली आ रही थी। करीब तीन माह पूर्व भी केलावाली दोयज के दौरान बिट्टू के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद से आरोपी लगातार उसे धमकियां दे रहे थे।
मृतक के परिजनों के अनुसार उनका परिवार मजदूरी कर जीवन-यापन करता है। उनका आरोप है कि सुरेंद्र चाहता था कि बिट्टू उसके यहां मजदूरी करे, लेकिन बिट्टू ने वहां काम करने से इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर सुरेंद्र उससे खार खाए बैठा था। परिवार का कहना है कि आरोपी अक्सर बिट्टू को धमकाते हुए कहता था, “मेरी नजरों के सामने मत आया कर, नहीं तो जान से मार दूंगा।”
घटना की सूचना मिलते ही मंडावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








