9 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी, आरोपी गिरफ्तार
बिजनौर (चिंगारी )। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के एक ग्राम में एक 9 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीडि़ता के पिता की तहरीर के अनुसार, उनकी बेटी को कल शाम करीब 4 बजे गांव के ही रियाज (35 वर्ष) पुत्र कौसर ने दुकान से बीड़ी का बंडल लेने के लिये भेजा। बच्ची जब दुकान से लौटी तो रियाज उसे पैसे और टॉफी देने के बहाने अपने घर ले गया, जहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह बच्ची को वहीं बेहोशी की हालत में छोडक़र फरार हो गया।
उधर, बच्ची जब काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों तो चिंता हुई। खोजबीन करने पर पता चला कि बच्ची को रियाज के साथ देखा गया था। बच्ची उसी के घर में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात थानाध्यक्ष विकास कुमार और पुलिस उपाधीक्षक नगीना पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पीडि़ता के पिता की तहरीर पर आरोपी रियाज के खिलाफ पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीडि़ता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया। आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। पीडि़त बालिका जिला अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है
नशे और जुए का आदी है रियाज
ग्रामीण के अनुसार आरोपी रियाज नशे का आदी है, साथ ही जुआ भी खेलता है। इसी कारण उसकी पत्नी अपनी दो बच्चियों के साथ उसे छोडक़र चली गई थी। रियाज के पिता की मौत काफी पहले हो गई थी। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।






