दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव, RSS प्रमुख सुरक्षित
लखनऊ से दिल्ली आ रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12003) गुरुवार शाम फिरोजाबाद-मक्खनपुर रेलखंड पर पथराव की घटना का शिकार हुई। शाम लगभग 7:45 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन के एसी कोच E1 पर पत्थर फेंका। पत्थर सीट संख्या 53-54 के पास लगा जिससे खिड़की का बाहरी शीशा टूट गया।
मोहन भागवत उसी कोच में मौजूद
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत कानपुर से दिल्ली एक कार्यक्रम में शामिल हने जा रहे थे और उसी E1 कोच में यात्रा कर रहे थे। पथराव के दौरान वे सुरक्षित रहे। पुलिस सूत्रों ने पुष्टि की कि उन्हें कोई चोट नहीं आई और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
यात्रियों में अफरा-तफरी
अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में घबराहट फैल गई। ट्रेन को टूंडला से पहले आउटर पर रोका गया और सुरक्षा जांच की गई। इसके बाद ट्रेन को दिल्ली रवाना किया गया। घटना के कारण ट्रेन देर से दिल्ली पहुंची।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आदित्य लागहें, रेलवे पुलिस अधीक्षक अनिल झा, नगर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद और RPF अधिकारी मौके पर पहुंचे। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
रेलवे का बयान
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल यात्रियों और ट्रेन स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं।








