तीसरे व अंतिम दिन कड़े सुरक्षा प्रबंधो के बीच हुई पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा
-केंद्रों पर सुबह से रही भारी भीड़, कल 2342 परीक्षार्थी रहे थे गैर हाजिर
बिजनौर (चिंगारी)।
जिले में आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा के तीसरे व अंतिम दिन भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। कल मंगलवार को दोनों पालियों में कुल 8122 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी,जबकि 2342 अभ्यर्थी परीक्षा से गैर हाजिर रहे थे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही और अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। बुधवार को पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर सुबह से ही सभी 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी देर रात ही जिले में पहुंच गए थे। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। अभ्यर्थियों की गहन तलाशी और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
डीएम जसजीत कौर और एसपी अभिषेक झा समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी दिनभर परीक्षा पर नज़र रखे रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन से जुड़े व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में तीसरे व अंतिम दिन की परीक्षा भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।








