डबल फाटक फ्लाईओवर के नीचे मालगाड़ी से कटकर अज्ञात व्यक्ति की मौत
नजीबाबाद (चिंगारी)। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे डबल फाटक फ्लाईओवर के नीचे रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सहारनपुर की ओर से मुरादाबाद की ओर जा रही मालगाड़ी से यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि व्यक्ति रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी मालगाड़ी की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी कमल किशोर व उप निरीक्षक राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को रेलवे ट्रैक से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है। कपड़ों व हुलिये को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि व्यक्ति भिक्षवृत्ति कर अपना पेट भरता था। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। जीआरपी द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।







