निजी विद्यालयों की कथित अवैध वसूली पर अभिभावकों ने किया प्रदर्शन
डीएम को दिया ज्ञापन
बिजनौर। जिले में ब्निजी विद्यालयों द्वारा कथित अवैध फीस वसूली और विभिन्न मदों के नाम पर अतिरिक्त शुल्क लेने के विरोध में बिजनौर अभिभावक संघ ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि निजी स्कूलों द्वारा हर वर्ष नियमों के विपरीत फीस में वृद्धि की जा रही है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
अभिभावक संघ ने कहा कि कई स्कूल फीस के अलावा अन्य मदों के नाम पर भी मोटी रकम वसूल रहे हैं। साथ ही विद्यालयों में संचालित बुक सेंटरों पर मनमाने तरीके से पुस्तकें और अन्य सामग्री खरीदने का दबाव बनाया जाता है। आरोप है कि कई बार अनावश्यक सामग्री भी अभिभावकों को लेने के लिए बाध्य किया जाता है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि विद्यालय हर वर्ष पाठ्यक्रम बदलने के नाम पर नई किताबें खरीदने के लिए अभिभावकों पर दबाव बनाते हैं, जबकि अधिकांश विषयों का पाठ्यक्रम पहले जैसा ही रहता है। अभिभावकों ने जिलाधिकारी से जांच करा कर उचित कार्रवाई किए जाने और अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में निपेंद्र देशवाल, देवेंद्र कुमार, मोहित चौधरी, अक्षय कुमार, राखी, प्रीति, फातिमा,सोनम, मीनू रानी, अंशु रानी, बबली, उषा देवी आदि अभिभावक मौजूद रहे।







